छत्तीसगढ़

गरियाबंद के अंग्रेजी मीडियम स्कूल का हुआ शुभारंभ, नौनिहालों को मिठाई खिलाकर और पुस्तक वितरण कर किया स्वागत

गरियाबंद। जिले में अंग्रेजी मीडियम स्कूल का शुभारंभ तथा शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम विधायक एवं पूर्व मंत्री अमितेश शुक्ला, कलेक्टर नीलेश क्षीरसागर, जिला सीईओ संदीप अग्रवाल और नगर पालिका अध्यक्ष गफ्फार मेंमन के विशेष आतिथ्य में हुआ। कार्यक्रम में बच्चों को तिलक लगाकर और मिठाई खिला शाला प्रवेश उत्सव मनाया गया।

अमितेश शुक्ला ने अंग्रेजी मीडियम स्कूल के बच्चों को अंग्रेजी में भाषण दिया। उन्होंने कहा कि अंग्रेजी बेहद महत्वपूर्ण भाषा है। लोगों को जोड़ने वाली है। इस देश को विदेशियों से जोड़ती है और गरियाबंद के बच्चे भी अगर अंग्रेजी में माहिर होंगे तो इनका भविष्य और अधिक उज्जवल होगा।

इसलिए प्रशासन ने हर ब्लॉक में 1-1 अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोलने का प्रयास किया है। नगर पालिका अध्यक्ष गफ्फार मेमन ने कहा कि इस स्कूल से पढ़कर कई लोग डॉक्टर इंजीनियर और बड़े-बड़े पदों पर पहुंचे हैं। मैं खुद भी यहीं पढ़ा हूं और यहां के संस्कारों के बदौलत आज पालिका अध्यक्ष हुं। इस स्कूल को देखकर मैंने यहां के बच्चों के लिए वाटर कूलर, मास्क, सैनिटाइजर की व्यवस्था करने का भरोसा दिलाता हूं।

कलेक्टर नीलेश क्षीरसागर ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल योजना को खासा महत्व और प्राथमिकता दी है। जिले का यह स्कूल सबसे बेहतर स्कूल होगा। यही कारण है कि स्कूल प्रारंभ होने से पहले ही इस में दाखिले के लिए बहुत अधिक आवेदन आए और लॉटरी निकालनी पड़ी। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास रहेगा कि यह स्कूल बाकी स्कूलों के लिए भी एक उदाहरण बने। निजी स्कूलों से अधिक बेहतर सुविधाएं हम दे पाएं। अच्छी केमिस्ट्री लैब के साथ अच्छी लाइब्रेरी बनाने का प्रयास जारी है। सभी 5 ब्लॉक में इंग्लिश मीडियम स्कूल प्रारंभ किए जा रहे हैं।

जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल ने कहा कि सुव्यवस्थित भवन मार्डन लैब लाइब्रेरी की व्यवस्था की जा रही है। मुझे प्रसन्नता हो रही है कि आज शासन की अंग्रेजी मीडियम स्कूल प्रारंभ करने की मंशा पूरी हो रही है, जो पढ़ाई बीते डेढ़ साल में नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई का प्रयास करवाएंगे। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने स्कूल प्रांगण में पौधरोपण किया। विधायक शुक्ला ने भवन के लिए 5 लाख तो वही पालिकाध्यक्ष गफ़्फ़ु मेमन ने वाटर कूलर सैनिटाइजर तथा मास्क देने की घोषणा की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button