
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के बगीचा और सन्ना क्षेत्र में ‘रुपये दोगुना’ करने का लालच देकर ग्रामीणों से ठगी करने वाले बड़े गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। hedgexfund नामक कथित नेटवर्क कंपनी के जरिए लोगों को झांसे में लेकर लाखों रुपये ऐंठे गए। पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से 5 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी से पुलिस रिमांड पर गहन पूछताछ जारी है।
ऐसे रचा गया ठगी का जाल
मामले की शुरुआत तब हुई जब कापू टोली निवासी 26 वर्षीय उर्मिला बाई ने 10 अप्रैल 2026 को थाना बगीचा में शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2023 में उसकी पहचान रूपसेरा भलमंडा निवासी कालेश्वर राम और मीनी बाई से हुई थी। कुछ समय बाद ये दोनों अन्य आरोपियों के साथ उसकी मां चंद्रमणि बाई के घर पहुंचे और खुद को hedgexfund नेटवर्क कंपनी का सदस्य बताते हुए निवेश का प्रस्ताव दिया। आरोपियों ने दावा किया कि कंपनी में निवेश करने पर 3 महीने के भीतर राशि दोगुनी हो जाएगी। साथ ही भरोसा दिलाया गया कि यदि पैसा दोगुना नहीं हुआ तो ब्याज सहित पूरी रकम वापस कर दी जाएगी। इसी झांसे में आकर ग्रामीणों ने निवेश करना शुरू कर दिया।
गांव-गांव घूमकर फंसाए लोग
आरोपियों ने सिर्फ एक परिवार ही नहीं, बल्कि महादेवडांड, कापू टोली और आसपास के गांवों में जाकर लोगों को लालच दिया। वे बार-बार घर-घर जाकर निवेश के फायदे बताते और लोगों का भरोसा जीतते थे।
पीड़िता उर्मिला बाई ने अलग-अलग तारीखों में कुल 1 लाख 70 हजार रुपये नकद और ऑनलाइन माध्यम से दिए, जबकि उसकी मां ने भी 40 हजार रुपये निवेश किए।
फर्जी डिजिटल वॉलेट का खेल
राशि लेने के बाद आरोपियों ने पीड़ितों को एक आईडी और पासवर्ड दिया। जब लोग लॉगिन करते तो उन्हें अपनी रकम डॉलर में बढ़ती हुई दिखाई देती थी, जिससे उन्हें भरोसा हो गया कि उनका पैसा बढ़ रहा है।
लेकिन कुछ समय बाद अचानक यह डिजिटल वॉलेट बंद हो गया। जब पीड़ितों ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी टालमटोल करने लगे। इसके बाद लोगों को ठगी का एहसास हुआ और मामला पुलिस तक पहुंचा।मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बगीचा में धारा 420 और 34 के तहत अपराध दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
- शिवशंकर राम (मुख्य आरोपी)
- मीनी बाई
- कालेश्वर राम
- अनिल लकड़ा
- शिवनाथ राम
- नीरा सिंह
- इनमें से 5 आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी शिवशंकर राम से पुलिस रिमांड पर पूछताछ जारी है।
जब्त की गई कार, बढ़ सकते हैं पीड़ित
पुलिस ने मुख्य आरोपी के कब्जे से एक टोयोटा टायजर कार भी जब्त की है। जांच में यह भी सामने आया है कि इस गिरोह ने कई अन्य लोगों को भी ठगी का शिकार बनाया है।



