छत्तीसगढ़जगदलपुर

नशे के खिलाफ पुलिस का एक्शन: यहां पकड़ाया ₹26.97 लाख का गांजा, 6 आरोपी गिरफ्तार…

जगदलपुर। बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर में नशे के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बोधघाट थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 54 किलो गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत ₹26 लाख 97 हजार 200 रुपये बताई जा रही है। इस मामले में 4 अंतरराज्यीय तस्करों समेत कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, बोधघाट पुलिस को 12 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति जगदलपुर के गोयल धर्मशाला में ठहरे हुए हैं और उनके पास अवैध मादक पदार्थ मौजूद है।

सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गोयल धर्मशाला के कमरा नंबर 09 में छापेमारी की। इस दौरान मौके से 6 लोगों को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास रखे 4 बैग से कुल 54 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस जांच में सामने आया कि यह गांजा ओडिशा के मलकानगिरी क्षेत्र से लाया गया था, जिसे सुकमा के रास्ते राजस्थान ले जाने की तैयारी थी।

गिरफ्तार आरोपियों में राजस्थान के 3, उत्तरप्रदेश का 1 और सुकमा जिले के 2 व्यक्ति शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बबलू कुशवाहा, श्रीनिवास, देशराज कुशवाहा, पंकज उपरेती, राम सिंह और दुबराज कश्यप के रूप में हुई है। सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (B) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे ने बताया कि यह एक अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह है, जो ओडिशा से गांजा लाकर अन्य राज्यों में सप्लाई करता था। मामले की विस्तृत जांच जारी है और आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button