हेमन्त कुमार साहू,
दंतेवाड़ा। जिला खनिज संस्थान न्यास ( डीएमएफ )योजना के अंतर्गत विकासखंड गीदम में किसानों को आधुनिक कृषि उपकरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए 24 कृषकों को पावर टिलर का वितरण किया गया। इस पहल का उद्देश्य कृषि कार्यों को आसान, कम खर्चीला एवं अधिक उत्पादक बनाना है। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नंदलाल मुड़ामी ने किसानों को पावर टिलर की चाबी सौंपते हुए कहा कि आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग से खेती की लागत कम होगी, समय की बचत होगी तथा किसानों की आय बढ़ाने में सहायता मिलेगी। उन्होंने किसानों से कृषि यंत्रों का बेहतर उपयोग कर आधुनिक खेती अपनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिला कृषि सभापति अध्यक्ष श्रीमती ममता मंडावी, जिला कृषि सभापति सदस्य श्रीमती किलेश्वरी नागेश, जनपद पंचायत अध्यक्षा श्रीमती शकुंतला भास्कर, जनपद उपाध्यक्ष श्री दिनेश कौशल, जनपद कृषि सभापति श्री मुन्ना राम कश्यप सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में कृषि विभाग की ओर से उप संचालक कृषि दंतेवाड़ा सूरज पंसारी, सहायक संचालक कृषि धीरज बघेल, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी किसान नेताम, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी (गीदम) अशोक कुमार नेताम सहित ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी एवं कृषि विभाग का अमला मौजूद रहा।


ज्ञातव्य है कि पावर टिलर एक बहुउपयोगी कृषि यंत्र है, जिसका उपयोग खेत की जुताई, मिट्टी की गुड़ाई, मेड़ बनाने, बुवाई, खरपतवार नियंत्रण तथा विभिन्न कृषि उपकरणों को जोड़कर अन्य कृषि कार्यों में किया जाता है। यह विशेष रूप से छोटे एवं मध्यम किसानों के लिए अत्यंत उपयोगी है, जिससे कम समय और कम श्रम में खेती के कार्य आसानी से पूरे किए जा सकते हैं। इससे खेती की लागत में कमी आने के साथ-साथ कृषि उत्पादन एवं उत्पादकता में भी वृद्धि होती है।




