Homeछत्तीसगढछत्तीसगढ़ विधानसभा मानसून सत्र का आज तीसरा दिन: प्रश्नकाल से लेकर इंद्रावती...

छत्तीसगढ़ विधानसभा मानसून सत्र का आज तीसरा दिन: प्रश्नकाल से लेकर इंद्रावती टाइगर रिजर्व तक कई अहम मुद्दों पर होगी चर्चा…

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का तीसरा दिन बुधवार को काफी अहम रहने वाला है। सदन की कार्यवाही के दौरान प्रश्नकाल में कई महत्वपूर्ण विभागों से जुड़े सवालों के जवाब दिए जाएंगे, वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत कई मंत्री वार्षिक प्रतिवेदन और अन्य दस्तावेज सदन के पटल पर रखेंगे। इसके अलावा इंद्रावती टाइगर रिजर्व में बाघों के शिकार और शासकीय मुद्रणालय में कथित अनियमितताओं जैसे मुद्दों पर भी सदन में चर्चा होने की संभावना है।

प्रश्नकाल में इन मंत्रियों से पूछे जाएंगे सवाल

सत्र के तीसरे दिन प्रश्नकाल के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और मंत्री गुरु खुशवंत साहेब विभिन्न विभागों से जुड़े सवालों के जवाब देंगे। विपक्ष इन मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है।

मुख्यमंत्री रखेंगे वार्षिक प्रतिवेदन

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सदन में छत्तीसगढ़ मिनरल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन और स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी का वार्षिक प्रतिवेदन पटल पर रखेंगे। इसके अलावा मंत्री लखनलाल देवांगन और श्याम बिहारी जायसवाल भी अपने-अपने विभागों से संबंधित पत्र और प्रतिवेदन सदन में प्रस्तुत करेंगे।

दो ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर होगी चर्चा

सदन में बुधवार को दो महत्वपूर्ण ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लगाए जाएंगे।

  • इंद्रावती टाइगर रिजर्व में बाघों के शिकार का मामला सदन में उठेगा, जिस पर सरकार से जवाब मांगा जाएगा।
  • शासकीय मुद्रणालय में प्रिंटिंग कार्य में कथित अनियमितताओं को लेकर भी विपक्ष सरकार का ध्यान आकर्षित करेगा।
समितियों की रिपोर्ट और याचिकाएं भी होंगी पेश

विधायक विक्रम उसेंडी गैर सरकारी सदस्यों के विधेयकों एवं संकल्पों से संबंधित समिति का पहला प्रतिवेदन सदन में प्रस्तुत करेंगे।

वहीं विधायक कुंवर सिंह निषाद, सावित्री मंडावी और राघवेंद्र सिंह विभिन्न याचिकाओं की प्रस्तुति करेंगे।

सात शासकीय विधायी कार्य भी होंगे पेश

कार्यसूची के अनुसार सदन में 7 शासकीय विधि विषयक कार्य भी प्रस्तुत किए जाएंगे। ऐसे में मानसून सत्र का तीसरा दिन विधायी और राजनीतिक दोनों दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments