बीजापुर। रूद्रारम स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में छात्राओं से कथित यौन दुर्व्यवहार (बैड टच) का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है. आरोपी कंप्यूटर शिक्षक देवेंद्र दहिया पर लगे गंभीर आरोपों के बाद अब जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है। शिक्षक की भूमिका के साथ-साथ अब उसकी नियुक्ति प्रक्रिया, छात्राओं से उसके संपर्क और विद्यालय प्रबंधन की निगरानी व्यवस्था भी पूरी तरह से जांच के घेरे में आ चुकी है।
यह मामला अब राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तक पहुंच चुका है। सात छात्राओं के परिजनों द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बाद, मुख्यमंत्री ने बीजापुर के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (SP) को इस मामले में निष्पक्ष और त्वरित जांच कर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
प्रबंधन की भूमिका पर उठे सवाल और प्रशासनिक कार्रवाई
एसडीएम स्तर की जांच में बच्चों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा इस बात की तफ्तीश हो रही है कि पुरानी शिकायतों पर प्रबंधन ने समय पर कार्रवाई क्यों नहीं की। आरोप है कि दुर्व्यवहार लंबे समय से जारी था जिसे दबाने का प्रयास किया गया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि बालिकाओं की सुरक्षा से समझौता नहीं होगा और लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
सुरक्षा समीक्षा के निर्देश
घटना के मद्देनजर सरकार ने प्रदेशभर के आवासीय विद्यालयों और बालिका छात्रावासों की सुरक्षा समीक्षा के आदेश दिए हैं। कलेक्टरों को नियमित निरीक्षण व प्रभावी शिकायत प्रणाली लागू करने के साथ पीड़ित छात्राओं को काउंसलिंग व सहायता देने के निर्देश दिए गए हैं।



