HomeUncategorizedआरंग में बाढ़ से तबाही, जांगड़े ने मांगी तत्काल राहत और मुआवजा

आरंग में बाढ़ से तबाही, जांगड़े ने मांगी तत्काल राहत और मुआवजा

  • महानदी-कोल्हान नाला के दर्जनों गांव प्रभावित, मकान-गृहस्थी और खड़ी फसलों को नुकसान; कलेक्टर को सौंपा आवेदन

आरंग/रायपुर, 27 सितंबर 2026। विधानसभा आरंग क्षेत्र में लगातार भारी बारिश तथा गंगरेल बांध से बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के बाद महानदी एवं कोल्हान नाला का जलस्तर बढ़ने से दर्जनों गांव बाढ़ और जलभराव की चपेट में हैं। बाढ़ के कारण ग्रामीणों के मकान, अनाज, घरेलू उपयोग की सामग्री तथा किसानों की खड़ी फसलों को नुकसान हुआ है।

स्थिति को देखते हुए आम आदमी पार्टी के नेता एवं पूर्व विधायक प्रत्याशी, आरंग विधानसभा परमानंद जांगड़े ने कलेक्टर रायपुर को आवेदन सौंपकर प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल राहत, नुकसान का सर्वे एवं क्षति के आधार पर नियमानुसार आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की है।

गंगरेल जलाशय में लगातार बढ़ती आवक के बीच 25 सितंबर को 10 गेटों से 54,950 क्यूसेक पानी छोड़े जाने तथा महानदी में 48,950 क्यूसेक पानी प्रवाहित किए जाने की रिपोर्ट सामने आई थी। इसके बाद जलाशय के सभी 14 गेट खोले जाने की भी रिपोर्ट प्रकाशित हुई।

जांगड़े ने कहा कि बाढ़ का पानी केवल खेतों तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीणों की गृहस्थी, अनाज और वर्षों की मेहनत भी प्रभावित हुई है। कई परिवारों के सामने रहने, भोजन और रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की समस्या खड़ी हो गई है। ऐसे समय में राहत एवं बचाव कार्य में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने प्रशासन से गनौद, तांदुल, नारा, खमरिया, सिवनी, संडी, टेकारी, कुंडा, बड़गांव, जरौद, उमरिया, रीवा, परसदा, धमनी, कोटनी, कुकरा, नगपुरा, सकरी एवं जावा सहित कोल्हान नाला क्षेत्र तथा निसदा, गोइंदा, पारा गांव, राटोकाट, बेनीडीह, गुदगुदा, आरंग, गुल्लू, चपरीद, रानीसागर, समोदा, कागदेही, चिखली, कुटेला एवं मुहमेला सहित महानदी क्षेत्र के प्रभावित गांवों में तत्काल राहत व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

राहत शिविर के साथ नुकसान का तत्काल सर्वे हो

परमानंद जांगड़े ने कहा कि प्रभावित गांवों में आवश्यकता के अनुसार अस्थायी राहत शिविर लगाकर रहने, भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता की व्यवस्था की जाए। बाढ़ से क्षतिग्रस्त मकानों का तत्काल सर्वे एवं पंचनामा कराकर मरम्मत और पुनर्निर्माण के लिए नियमानुसार आर्थिक सहायता दी जाए। जिन परिवारों का अनाज, घरेलू सामान एवं आवश्यक सामग्री नष्ट हुई है, उन्हें भी नियमानुसार राहत प्रदान की जाए।

उन्होंने किसानों की खड़ी फसल एवं कृषि भूमि को हुए नुकसान का ग्रामवार सर्वे एवं वास्तविक आकलन कराकर पात्र किसानों को नियमानुसार फसल क्षतिपूर्ति एवं मुआवजा देने की मांग की।

जांगड़े ने कहा कि “सरकार और प्रशासन को कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहकर प्रभावित गांवों में मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की वास्तविक स्थिति देखनी चाहिए। बाढ़ प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत, नुकसान का निष्पक्ष सर्वे और नियमानुसार मुआवजा दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।”

उन्होंने कलेक्टर से राजस्व, कृषि, पंचायत एवं संबंधित विभागों की संयुक्त टीम तत्काल प्रभावित ग्रामों में भेजने, नुकसान का सर्वे एवं पंचनामा कराने तथा प्रभावित ग्रामीणों एवं किसानों को शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश जारी करने की मांग की।

— परमानंद जांगड़े
आम आदमी पार्टी के नेता
पूर्व विधायक प्रत्याशी, विधानसभा आरंग
पूर्व जिला पंचायत सदस्य, रायपुर

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments