मध्य प्रदेश। सीधी जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां अपनी शादीशुदा प्रेमिका से मिलने उसके ससुराल पहुंचे एक युवक को परिजनों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। यह सनसनीखेज घटना मड़वास थाना के लोहझर गांव की है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
रात के अंधेरे में मिलने पहुंचा था प्रेमी
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, लोहझर गांव की रहने वाली लगभग 27 वर्षीय महिला की शादी साल 2016 में हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। महिला का सिंगरौली के रहने वाले सचिन सिंह नामक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। बुधवार रात करीब 9 बजे प्रेमी अपनी प्रेमिका से मिलने उसके ससुराल पहुंच गया।
परिजनों ने कमरे में दबोचा, रस्सी से बांधा
युवक जैसे ही महिला के कमरे में दाखिल हुआ, ससुराल पक्ष के लोगों को इसकी भनक लग गई। परिजनों ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए युवक को रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद जमकर हंगामा हुआ। गुस्साए परिजनों ने युवक और महिला दोनों को रस्सी से बांधकर बंधक बना लिया। कथित तौर पर युवक के साथ मारपीट किए जाने की बात भी सामने आई है।
महिला बोली- “पति के साथ नहीं रहना, खुद बुलाया था”
घटना की सूचना मिलने पर तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों को बंधन से मुक्त कराया। पूछताछ के दौरान महिला ने पुलिस के सामने स्पष्ट किया कि उसने खुद सचिन को फोन करके बुलाया था और इसमें कोई जबरदस्ती नहीं थी। महिला ने यह भी कहा कि वह अब अपने पति के साथ नहीं रहना चाहती और प्रेमी के साथ जाना चाहती है।
वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें युवक-युवती रस्सी से बंधे नजर आ रहे हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर बयान दर्ज किए हैं। वीडियो और बयानों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



