रायपुर। रोजगार की तलाश कर रहे छत्तीसगढ़ के शिक्षित और प्रशिक्षित युवाओं के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। छत्तीसगढ़ सरकार आगामी 7 और 8 अक्टूबर 2026 को राजधानी रायपुर में दो दिवसीय राज्यस्तरीय रोजगार मेला आयोजित करने जा रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले इस भव्य मेले में निजी क्षेत्र की कंपनियों के माध्यम से करीब 10,000 युवाओं को नौकरियां मिलने की उम्मीद है।
यह मेला कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग द्वारा बूढ़ापारा स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को निजी क्षेत्र में उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराना है।
8 हजार से अधिक पदों की मिली जानकारी, राष्ट्रीय कंपनियां भी होंगी शामिल
इस मेले के लिए अब तक 60 से अधिक कंपनियों और प्लेसमेंट एजेंसियों से 8,700 से अधिक रिक्त पदों की जानकारी विभाग को प्राप्त हो चुकी है। अन्य प्रतिष्ठित कंपनियों से भी लगातार संपर्क जारी है, जिससे पदों की संख्या और बढ़ने की पूरी संभावना है। इस रोजगार मेले के जरिए स्थानीय स्तर की कंपनियों के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर की बड़ी निजी कंपनियों को भी एक मंच पर लाया जा रहा है।
10वीं पास से लेकर पोस्ट ग्रेजुएट तक के लिए मौके
इस रोजगार मेले में अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता और हुनर वाले युवाओं के लिए बेहतरीन अवसर हैं। इसमें 10वीं, 12वीं, ITI, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, स्नातक (ग्रेजुएट) और स्नातकोत्तर (पोस्ट ग्रेजुएट) पास युवा हिस्सा ले सकते हैं। तकनीकी, इंडस्ट्रियल, बैंकिंग, हेल्थकेयर, लॉजिस्टिक्स, सेल्स और सुरक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियां इस मेले में भर्ती के लिए पहुंच रही हैं।
पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन है अनिवार्य
मेले में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों को पहले से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना होगा। अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ सरकार के आधिकारिक रोजगार पोर्टल erojgar.cg.gov.in पर जाकर “रोजगार इच्छुक लॉगिन” के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं और अपनी योग्यता के अनुसार रिक्तियों का चयन कर सकते हैं। सफल और चयनित अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री की उपस्थिति में ही जॉब ऑफर लेटर सौंपे जाएंगे।



