आवाम दूत | रायपुर। तिल्दा के खरोरा तहसील क्षेत्र में सूने घरों से चोरी की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं। खरोरा पुलिस ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपी महिलाओं को पकड़ा है। पकड़ी गई महिलाएं झारसुगुड़ा, उड़ीसा की बताई जा रही हैं, जबकि तीसरी महिला फरार बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि ये महिलाएं अपने छोटे-छोटे बच्चों के साथ गांव की गलियों में भिखारी बनकर घुसती थीं और मौका देखकर सूने मकानों और जिन घरों में सिर्फ बच्चे होते थे, वहां से दबे पांव नगदी और गहना लेकर फरार हो जाती थीं।
खरोरा पुलिस ने खरोरा माठ की एक पीड़िता की शिकायत पर दोनों महिलाओं को पकड़ा है और चोरी का सामान बरामद करने की बात सामने आ रही है। पूछताछ में संदिग्ध महिलाएं फुटपाथ और मंदिरों के आसपास अपना ठिकाना बता रही हैं।
पुलिस ने लोगों से सावधान रहने और सतर्कता बरतने की अपील की है। साथ ही अनजान भिखारियों को घर में न घुसने देने और सूने मकानों पर नजर रखने को कहा है।




