Homeछत्तीसगढधरती आबा बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर छत्तीसगढ़ में जनजातीय गौरव...

धरती आबा बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर छत्तीसगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस की धूम, सीएम साय ने कांग्रेस पर साधा निशाना

रायपुर: पूरे छत्तीसगढ़ में आज भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में बड़े धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस अवसर पर राज्य स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और छत्तीसगढ़ प्रदेश बीजेपी प्रभारी स्मृति ईरानी मुख्य रूप से शामिल होंगी।

आपातकाल को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला
धरमजयगढ़ रवाना होने से पहले रायपुर में मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा। सीएम साय ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं को संविधान और लोकतंत्र पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने 1975 के आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा कि अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए इमरजेंसी लगाकर देश में लोकतंत्र की हत्या की गई और आम नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकार छीन लिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वार्थ की राजनीति में कांग्रेस ने जो कुछ किया है, उसे आज पूरा देश भली-भांति जान चुका है।

आदिवासी समाज के विकास और वोट बैंक की राजनीति पर बयान
कांग्रेस पर आदिवासी समाज की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए सीएम साय ने कहा कि आजादी के 79 वर्षों में लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने जनजातीय समुदाय के उत्थान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने आदिवासी समाज को केवल एक वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया।

बीजेपी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि देश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद ही सही मायनों में जनजातीय समाज के विकास और चिंतन की प्रक्रिया शुरू हुई। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि उन्होंने न केवल छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया, बल्कि आदिवासियों के कल्याण के लिए पहली बार अलग से जनजाति मंत्रालय का भी गठन किया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाने की ऐतिहासिक शुरुआत की गई।

सीएम साय ने प्रदेशवासियों को जनजातीय गौरव दिवस की बधाई देते हुए विश्वास जताया कि धरमजयगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में धरती आबा को नमन करने के लिए भारी जनसैलाब उमड़ेगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments