बिलासपुर/रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज अपने बिलासपुर प्रवास के दौरान गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय परिसर में जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में स्थापित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए देश की स्वतंत्रता, जनजातीय समाज के अधिकारों और स्वाभिमान की रक्षा के लिए उनके महान संघर्ष और बलिदान को याद किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने परिसर में स्थापित जनजातीय वीथिका का भी अवलोकन किया।
अंग्रेजी शासन के विरुद्ध ‘उलगुलान’ का नेतृत्व
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जनजातीय गौरव, स्वाभिमान और स्वतंत्रता संग्राम के महानायक थे। उन्होंने बहुत कम उम्र में ही अंग्रेजी शासन के अन्याय और शोषण के खिलाफ जनजातीय समाज को एकजुट कर ऐतिहासिक ‘उलगुलान’ आंदोलन का नेतृत्व किया। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष देश के इतिहास का एक स्वर्णिम अध्याय है। उनका जीवन हमें अपनी संस्कृति, परंपराओं और अधिकारों की रक्षा के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।

युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगी प्रतिमा
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में स्थापित यह प्रतिमा विद्यार्थियों और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगी और उन्हें जनजातीय नायकों के साहस व बलिदान की याद दिलाती रहेगी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि देश की आजादी और राष्ट्र निर्माण में जनजातीय समाज का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है, और हमारी आने वाली पीढ़ियों को इस गौरवशाली इतिहास से परिचित कराना बेहद आवश्यक है।



