कोरबा: जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां पति-पत्नी के बीच हुए मामूली विवाद ने एक ढाई महीने के मासूम की जान ले ली। शराब के नशे में धुत आरोपी पिता ने पत्नी के चरित्र पर संदेह करते हुए उस पर डंडे से हमला कर दिया, जिसकी चपेट में मां की गोद में सो रहा नवजात भी आ गया। अस्पताल में इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, कटघोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सलोरा गांव निवासी आरोपी द्वारिका प्रसाद केंवट अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। घटना वाले दिन वह शराब के नशे में घर पहुंचा और इसी बात को लेकर पत्नी से झगड़ा करने लगा। देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि आरोपी ने गुस्से में आकर पास रखे डंडे (जलाऊ लकड़ी) से पत्नी पर हमला कर दिया।
मां की गोद में ही मासूम को लगी गंभीर चोट
जिस वक्त आरोपी ने हमला किया, उस समय पत्नी की गोद में उनका महज ढाई महीने का मासूम बेटा मौजूद था। मां ने बच्चे को बचाने की कोशिश की, लेकिन अंधाधुंध हमले के दौरान डंडे की गंभीर चोट मासूम को लग गई। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई।
इलाज के दौरान अस्पताल में तोड़ा दम
गंभीर रूप से घायल मासूम को परिजन तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने बच्चे को बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन चोट गंभीर होने के कारण इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया। जिस घर में कुछ समय पहले बच्चे की किलकारियां गूंज रही थीं, वहां इस घटना के बाद से मातम पसरा हुआ है।
आरोपी गिरफ्तार, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता द्वारिका प्रसाद केंवट को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं और आगे की जांच जारी है।




