Homeस्वास्थ्य और फ़िटनेससावधान! सुबह खाली पेट 'बेड टी' पीने की आदत कहीं आपकी सेहत...

सावधान! सुबह खाली पेट ‘बेड टी’ पीने की आदत कहीं आपकी सेहत के लिए तो नहीं बन रही ‘धीमा जहर’?

नई दिल्ली। सुबह उठते ही खाली पेट ‘बेड टी’ (Bed Tea) पीना आपकी सेहत के लिए बेहद नुकसानदायक साबित हो सकता है। भारत में तकरीबन 80 से 90 प्रतिशत लोग अपने दिन की शुरुआत बिस्तर पर चाय की चुस्कियों के साथ करते हैं. लेकिन हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, बिना कुछ खाए-पिए सीधे चाय का सेवन करने से पाचन तंत्र और ओरल हेल्थ पर बहुत बुरा असर पड़ता है.हेल्थ एक्सपर्ट्स और गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट्स के अनुसार सुबह खाली पेट चाय पीने से निम्नलिखित गंभीर समस्याएं हो सकती हैं:

  1. एसिडिटी और पेट में जलन
    रातभर सोने के बाद सुबह पेट में पहले से ही एसिड का स्तर बढ़ा होता है. जब आप उठते ही सीधे चाय पीते हैं, तो चाय में मौजूद तत्व पेट के एसिड को और बढ़ा देते हैं। इससे खट्टी डकारें, सीने में जलन, मतली (जी मिचलाना) और ब्लोटिंग जैसी समस्याएं शुरू हो जाती हैं। लंबे समय तक ऐसा करने से गैस्ट्राइटिस और अल्सर का खतरा भी बढ़ जाता है।
  2. डिहाइड्रेशन (शरीर में पानी की कमी)
    चाय स्वभाव से ‘डियूरेटिक’ (मूत्रवर्धक) होती है, यानी इसे पीने के बाद बार-बार यूरिन आता है। 7-8 घंटे की नींद के दौरान हमारा शरीर पहले से ही पानी की कमी से जूझ रहा होता है। ऐसे में सुबह सबसे पहले चाय पीने से शरीर में डिहाइड्रेशन और बढ़ जाता है, जिससे मांसपेशियों में ऐंठन और शरीर में भारीपन महसूस हो सकता है।
  3. दांतों और मसूड़ों को नुकसान
    बिना ब्रश किए सीधे चाय पीना आपके मुंह की सेहत के लिए घातक है। रातभर मुंह में जमा बैक्टीरिया चाय की चीनी के साथ मिलकर एसिड बनाते हैं। यह एसिड दांतों की सुरक्षात्मक परत (इनेमल) को कमजोर करता है, जिससे दांतों में सड़न, मसूड़ों की समस्या और दांतों का पीलापन बढ़ने लगता है।
  4. पोषक तत्वों की कमी (आयरन एब्जॉर्प्शन में रुकावट)
    चाय में पाए जाने वाले ‘टैनिन्स’ (Tannins) और ऑक्सालेट्स भोजन से मिलने वाले जरूरी पोषक तत्वों, विशेष रूप से आयरन के अवशोषण (Absorption) की क्षमता को कम कर देते हैं। इसकी वजह से शरीर में खून की कमी (एनीमिया) और कमजोरी हो सकती है।
  5. मेटाबॉलिज्म और डाइजेशन का बिगड़ना
    खाली पेट दूध और कैफीन का यह मिश्रण शरीर की स्वाभाविक मेटाबॉलिक और पाचन क्रिया को धीमा कर देता है। दूध में मौजूद लैक्टोज के कारण गैस और कब्ज की शिकायत रहने लगती है। साथ ही यह भूख को भी प्रभावित करता है।
    एक्सपर्ट्स की सलाह: सुबह की शुरुआत कैसे करें?
    यदि आप अपनी सेहत को दुरुस्त रखना चाहते हैं, तो अपनी इस आदत में थोड़ा बदलाव करें:
  • पानी से करें शुरुआत: सुबह सोकर उठने के बाद सबसे पहले एक या दो गिलास सादा या हल्का गुनगुना पानी पिएं। यह शरीर को हाइड्रेट करता है और टॉक्सिन्स बाहर निकालता है।
  • हल्का नाश्ता लें: चाय पीने से पहले कुछ बिस्कुट, भीगे हुए बादाम, फल या हल्का फुल्का नाश्ता जरूर कर लें।
  • नाश्ते के बाद पिएं चाय: यदि आपको चाय बेहद पसंद है, तो नाश्ता करने के कम से कम आधे घंटे बाद सीमित मात्रा में इसका आनंद लें।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments