धमतरी, 1 अक्टूबर 2026। जिले में बीते दिनों हुई भारी बारिश और बाढ़ के दौरान लापता हुए रिटायर्ड वनकर्मी का शव, करीब पांच दिन बाद महानदी से बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने शव को पंचनामा के बाद, पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक, सिहावा थाना क्षेत्र के ग्राम सिरसिदा निवासी बाबूलाल साहू (65 वर्ष), जो वन विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी थे, शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात अचानक अपने घर से लापता हो गए थे। शनिवार सुबह परिजनों द्वारा काफी खोजबीन करने के बाद भी, उनका कहीं कोई पता नहीं चला था।
गुरुवार को बिरगुड़ी से भूमका के बीच महानदी और दुधावा जलाशय के अंतिम छोर पर बने पुल से करीब 500 मीटर आगे, नदी में कुछ लोग मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने पानी में एक अज्ञात शव तैरता हुआ देखा, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची सिहावा थाना पुलिस ने, ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद मृतक की पहचान, लापता रिटायर्ड वनकर्मी बाबूलाल साहू के रूप में की गई। आशंका जताई जा रही है कि, भारी बारिश के दौरान वे बाढ़ के पानी की चपेट में आ गए थे। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके।



