दुर्ग। दुर्ग जिले की प्रशासनिक व्यवस्था में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। राज्य शासन द्वारा जारी तबादला आदेश के परिपालन में जिला कलेक्टर अभिजीत सिंह ने जिले में पदस्थ राज्य प्रशासनिक सेवा (एसएएस) के 6 अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से भारमुक्त कर दिया है।
भारमुक्त किए गए अधिकारियों में अपर कलेक्टर योगिता देवांगन, हरिवंश सिंह मिरी, महेश सिंह राजपूत, लवकेश कुमार ध्रुव, उत्तम कुमार ध्रुव और प्रेमूलाल साहू शामिल हैं। इन अधिकारियों के स्थानांतरण के बाद जिले के प्रशासनिक अमले में यह बड़ा फेरबदल किया गया है।
कामकाज सुचारू रखने के लिए नई नियुक्तियां
अधिकारियों के तबादले के बाद जिलों के अनुविभागों में कामकाज प्रभावित न हो और आम जनता के कार्य सुचारू रूप से चलते रहें, इसके लिए कलेक्टर अभिजीत सिंह ने त्वरित व्यवस्था की है। कलेक्टर ने जिले के तीन प्रमुख अनुविभागों में नए अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक जिम्मेदारी सौंप दी है।
- दुर्ग अनुविभाग: दुर्ग एसडीएम (SDM) की कमान अब डिप्टी कलेक्टर सोनल डेविड को सौंपी गई है।
- पाटन अनुविभाग: पाटन एसडीएम के रूप में डिप्टी कलेक्टर प्रफुल्ल कुमार गुप्ता को प्रभार दिया गया है।
- धमधा अनुविभाग: धमधा एसडीएम का अतिरिक्त प्रभार भिलाई-3 के एसडीएम प्रकाश सोनी को सौंपा गया है।
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह प्रशासनिक व्यवस्था आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी ताकि जिले के राजस्व और प्रशासनिक कार्यों में किसी भी प्रकार का गतिरोध पैदा न हो।



