Homeछत्तीसगढछग युवा कांग्रेस चुनाव आज से शुरू: 6 पदों के लिए एक...

छग युवा कांग्रेस चुनाव आज से शुरू: 6 पदों के लिए एक सदस्य को वोटिंग का मौका, जानें पूरी प्रक्रिया

रायपुर। छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव को लेकर लंबे इंतजार के बाद अब तस्वीर साफ हो गई है। प्रदेश में युवा कांग्रेस की चुनावी सदस्यता और पूरी चुनाव प्रक्रिया 30 अगस्त से शुरू होकर 29 सितंबर शाम 5 बजे तक चलेगी। चुनाव पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से कराया जाएगा। चुनावी तारीखों के ऐलान के साथ ही युवा कांग्रेस के भीतर दावेदारों और उनके समर्थकों की सक्रियता भी तेज हो गई है।

जानकारी के मुताबिक, प्रदेश में 10 लाख से अधिक युवा सदस्य मतदान कर सकते हैं। युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव में मतदान का अधिकार निर्धारित पात्रता वाले वैध सदस्यों को मिलेगा।

एक सदस्य को डालने होंगे 6 वोट

इस चुनाव की सबसे खास बात यह है कि प्रत्येक पात्र सदस्य को अलग-अलग संगठनात्मक पदों के लिए कुल 6 वोट डालने होंगे। सदस्य प्रदेश से लेकर ब्लॉक स्तर तक अपने प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे।

मतदाता इन पदों के लिए मतदान करेंगे—

  • प्रदेश अध्यक्ष
  • प्रदेश महासचिव
  • जिला अध्यक्ष
  • जिला महासचिव
  • विधानसभा अध्यक्ष
  • ब्लॉक अध्यक्ष

चुनाव के जरिए संगठन के विभिन्न स्तरों पर नई नेतृत्व टीम का चयन किया जाएगा।

पहली बार ब्लॉक अध्यक्ष का भी प्रत्यक्ष चुनाव

युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव में इस बार एक बड़ा बदलाव किया गया है। ब्लॉक अध्यक्ष का चुनाव भी प्रत्यक्ष चुनाव के जरिए कराया जाएगा। पहले ब्लॉक स्तर पर इस तरह का प्रत्यक्ष चुनाव नहीं होता था।

इस बदलाव के बाद संगठन के सबसे निचले राजनीतिक ढांचे तक चुनावी प्रतिस्पर्धा पहुंच गई है। ब्लॉक अध्यक्ष का चुनाव खास इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि विधानसभा और जिला स्तर की राजनीतिक गतिविधियों में ब्लॉक संगठन की भूमिका काफी अहम होती है।

ऐसे में दावेदारों के लिए केवल बड़े नेताओं का समर्थन पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि उन्हें जमीनी कार्यकर्ताओं और संगठन के सदस्यों के बीच अपनी मजबूत पकड़ भी साबित करनी होगी।

प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में 17 दावेदार

प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर मुकाबला खासा दिलचस्प हो गया है। उपलब्ध चुनावी जानकारी के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए 17 दावेदार मैदान में हैं।

इनमें शैलेंद्र बंजारे, सत्येंद्र चेलक, विनयशील, प्रशांत बोकड़े, जसमीत शर्मा, लोकेश वशिष्ठ, सोनू शर्मा, निखिलकांत साहू, हनी बग्गा और सजल चंद्राकर समेत कई नाम चर्चा में हैं।

चुनावी प्रक्रिया की तारीख सामने आने के बाद सभी दावेदारों ने अपने-अपने स्तर पर जनसंपर्क और संगठन के सदस्यों को साधने की कोशिश तेज कर दी है। साथ ही बड़े कांग्रेस नेताओं के समर्थन को लेकर भी राजनीतिक समीकरण बनते नजर आ रहे हैं।

संगठन के भीतर ताकत की भी होगी परीक्षा

छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस का यह संगठनात्मक चुनाव केवल पदाधिकारियों के चयन तक सीमित नहीं माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों के अनुसार, चुनाव संगठन के भीतर विभिन्न नेताओं और गुटों की जमीनी ताकत की भी परीक्षा होगा।

अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि 10 लाख से अधिक संभावित सदस्यों के बीच कौन सा दावेदार अपनी सबसे मजबूत पकड़ बनाने में सफल होता है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments