Homeछत्तीसगढससुराल पक्ष की धमकी से आहत नवविवाहित युवक ने दी जान, 4...

ससुराल पक्ष की धमकी से आहत नवविवाहित युवक ने दी जान, 4 माह की गर्भवती है पत्नी

अंबिकापुर, 20 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के भैयाथान थाना क्षेत्र से एक दिलदहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक नवविवाहित युवक ने ससुराल पक्ष की प्रताड़ना और धमकी से तंग आकर जहर का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में उसे अंबिकापुर के होलीक्रॉस अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान रविवार देर शाम उसकी मौत हो गई। मृतक की शादी को महज पांच महीने ही हुए थे और उसकी पत्नी वर्तमान में चार महीने की गर्भवती है।

5 महीने पहले हुई थी शादी, विदाई को लेकर था विवाद

मृतक की पहचान ग्राम खांडापारा (भैयाथान) निवासी आकाश जायसवाल (पिता सुनील जायसवाल) के रूप में हुई है। आकाश का विवाह अप्रैल 2026 में ग्राम बेदमी (रमकोला) निवासी चंदा जायसवाल से हुआ था। बताया जा रहा है कि करीब एक महीने पहले चंदा अपने मायके चली गई थी। कुछ दिन बाद जब आकाश उसे लेने अपने ससुराल पहुंचा, तो ससुराल वालों ने उसे साथ भेजने से मना कर दिया और कहा कि जब तक आकाश के माता-पिता नहीं आएंगे, तब तक लड़की को नहीं भेजा जाएगा।

सामाजिक बैठक में भी नहीं सुलझा मामला

बहू की विदाई कराने के लिए आकाश के माता-पिता भी उसके मायके पहुंचे। इस दौरान ससुराल पक्ष ने एक सामाजिक बैठक बुलाई, जिसमें उन्होंने बेटी से घर का काम कराने और खाना बनवाने जैसी बातों का बहाना बनाकर विदाई से साफ इनकार कर दिया। समाज के लोगों ने दोनों पक्षों के बीच सुलह कराने की कोशिश की, लेकिन शाम होने के कारण आकाश के माता-पिता अगले दिन आकाश को भेजकर बहू को ले जाने की बात कहकर खाली हाथ लौट आए।

कॉन्फ्रेंस कॉल पर गाली-गलौज और अबॉर्शन की धमकी

मृतक के पिता सुनील जायसवाल के अनुसार, 8 अक्टूबर की शाम जब वे घर पहुंचे तो आकाश दरवाजे पर उल्टी कर रहा था और पास में ही घास मारने वाली दवा (कीटनाशक) का डिब्बा पड़ा था। आकाश ने अपने पिता को बताया कि उसके साले, साले की पत्नी, चाचा ससुर और चाची सास ने उसे कॉन्फ्रेंस कॉल पर लेकर बेहद गंदी गालियां दीं।

आरोप है कि पत्नी का मोबाइल फोन चेक करने की बात पर ससुराल वालों ने आकाश को धमकी दी कि यदि उसने दोबारा चंदा का मोबाइल देखा, तो वे उसका गर्भपात (अबॉर्शन) करवा देंगे। इस गंभीर धमकी और प्रताड़ना से आहत होकर आकाश ने खौफनाक कदम उठा लिया।

इलाज के दौरान तोड़ा दम, पुलिस जांच में जुटी

कीटनाशक के सेवन के बाद आकाश को तत्काल अंबिकापुर के होलीक्रॉस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 10 दिनों तक जिंदगी और मौत से लड़ने के बाद आखिरकार रविवार देर शाम उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।

पिता ने ससुराल पक्ष के खिलाफ प्रताड़ना, गाली-गलौज और आत्महत्या के लिए उकसाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। फिलहाल, मामले में पुलिस की जांच जारी है और आधिकारिक तफ्तीश पूरी होने के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments