- लंबित सर्वेक्षण एवं DCS सत्यापन की प्रक्रिया जल्द पूरी कराने की मांग
सरोरा। ग्राम सरोरा में किसानों की फसलों का सर्वेक्षण नहीं होने तथा सर्वेक्षण नियुक्ति एवं DCS सत्यापन की प्रक्रिया लंबित होने का मामला सामने आया है। इस समस्या को लेकर ग्राम सरोरा के किसानों एवं ग्रामीणों ने तहसीलदार तिल्दा-नेवरा को आवेदन सौंपकर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
आवेदन में बताया गया है कि ग्राम सरोरा, पटवारी हल्का नंबर 06, तहसील तिल्दा-नेवरा, जिला रायपुर में किसानों की फसलों का सर्वेक्षण अभी तक नहीं हुआ है। इसके साथ ही सर्वेक्षण नियुक्ति एवं DCS सत्यापन की प्रक्रिया भी लंबित है। इसके कारण किसानों को अपनी उपज के विक्रय तथा शासन की विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी होने की आशंका है।

किसानों का कहना है कि फसल सर्वेक्षण एवं सत्यापन समय पर नहीं होने से भविष्य में फसल संबंधी योजनाओं, मुआवजा तथा अन्य शासकीय सुविधाओं का लाभ लेने में कठिनाइयां आ सकती हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए ग्राम सरोरा में शीघ्र फसल सर्वेक्षण कराया जाए तथा लंबित DCS सत्यापन की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया जाए।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन द्वारा जल्द कार्रवाई किए जाने से किसानों को राहत मिलेगी और वे शासन की कृषि योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त कर सकेंगे।




