- लोक प्रशासन, समाज सेवा एवं सुशासन के क्षेत्र में नौ वर्षों के योगदान का सम्मान
रायपुर। लोक प्रशासन, समाज सेवा एवं सुशासन के क्षेत्र में निरंतर योगदान के लिए धमतरी जिले के मगरलोड विकासखंड अंतर्गत ग्राम कपालफोड़ी (पाण्डुका) निवासी युवा समाजसेवी मनीष कुमार साहू को मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया गया। फरीदाबाद (हरियाणा), एनसीआर दिल्ली में 12 सितंबर को आयोजित सम्मान समारोह में उन्हें लोक प्रशासन, समाज सेवा एवं सुशासन के क्षेत्र में यह सम्मान प्रदान किया गया।
यह सम्मान मैजिक बुक ऑफ रिकॉर्ड फाउंडेशन एवं मैजिक एंड आर्ट यूनिवर्सिटी, फरीदाबाद की ओर से दिया गया। समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. गीतांजली शर्मा, वाइस चेयरमैन, डोपिंग-रोधी अपील पैनल, राष्ट्रीय डोपिंग-रोधी एजेंसी (NADA), भारत सरकार तथा मैजिक बुक ऑफ रिकॉर्ड एवं मैजिक एंड आर्ट यूनिवर्सिटी के चेयरमैन डॉ. सी.पी. यादव के हाथों डॉ. मनीष कुमार साहू ने सम्मान ग्रहण किया।

डॉ. मनीष कुमार साहू ने जनसंचार विषय में स्नातक एवं स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है। उन्होंने यूजीसी-नेट (मास कम्युनिकेशन) परीक्षा भी उत्तीर्ण की है। वे पिछले नौ वर्षों से जनसंपर्क, जनसंचार, समाज सेवा एवं संगठनात्मक गतिविधियों के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने प्रदेश मीडिया प्रभारी, युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष तथा छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के आईटी सेल प्रकोष्ठ में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया है। वर्तमान में वे अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा के युवा प्रकोष्ठ के संगठन सचिव एवं छत्तीसगढ़-ओडिशा राज्य प्रभारी तथा छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के आईटी सेल प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रभारी महामंत्री के रूप में सेवाएं दे रहे हैं।
मानद डॉक्टरेट से सम्मानित होने पर डॉ. मनीष कुमार साहू ने अपने माता-पिता, परिवारजनों, समाज के वरिष्ठजनों, गुरुजनों, संगठन के पदाधिकारियों एवं साथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि माता-पिता, गुरुजनों, समाज के वरिष्ठजनों एवं साथियों के विश्वास, सहयोग और आशीर्वाद का सम्मान है।
उन्होंने भविष्य में भी लोक प्रशासन, समाज सेवा एवं सुशासन के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए समाजहित और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। उनके सम्मानित होने पर समाज के वरिष्ठजनों, सामाजिक पदाधिकारियों, परिवारजनों, युवाओं एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




