रायपुर। विजयादशमी (दशहरा) के पावन अवसर पर रायपुर पुलिस लाइन में पारंपरिक रूप से शस्त्र पूजन और हवन का भव्य आयोजन किया गया। रायपुर के पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोचार के साथ पुलिस विभाग के शस्त्रों का पूजन किया।
इस गरिमामयी कार्यक्रम में पुलिस विभाग की वर्षों पुरानी परंपरा का पूरी श्रद्धा के साथ निर्वहन किया गया। हवन-पूजन के बाद पुलिस कमिश्नर सहित उपस्थित सभी वरिष्ठ अधिकारियों और जवानों ने शहर में शांति, सुरक्षा और सुदृढ़ कानून-व्यवस्था बनाए रखने की मंगल कामना की।
इस पारंपरिक आयोजन में बड़ी संख्या में पुलिस के आला अधिकारी, थाना प्रभारी और बल के जवान शामिल हुए। सुरक्षा बलों में विजयादशमी पर शस्त्र पूजन की यह परंपरा बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है, जो बुराई पर अच्छाई की जीत और समाज की सुरक्षा के संकल्प को दोहराती है।



