Homeछत्तीसगढजशपुर को पीएम जनमन के तहत मिली पांच बड़े पुलों की सौगात,...

जशपुर को पीएम जनमन के तहत मिली पांच बड़े पुलों की सौगात, 16 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत

जशपुर/रायपुर। छत्तीसगढ़ के दूरस्थ और जनजातीय बहुल इलाकों में सड़क संपर्क को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में ‘प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान’ (पीएम जनमन) के तहत जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड में पांच वृहद पुलों के निर्माण को हरी झंडी मिल गई है। राज्य के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने इन पुलों के निर्माण के लिए कुल 16 करोड़ 3 लाख 34 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की है।

केंद्र से मिली 167 पुलों की मंजूरी में जशपुर भी शामिल
भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा 6 नवंबर 2026 को जारी पत्र के अनुसार, वर्ष 2026-27 के बैच-I के तहत छत्तीसगढ़ में कुल 167 पुलों के निर्माण की स्वीकृति दी गई है। इसी में जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड के ये पांच महत्वपूर्ण पुल शामिल हैं, जिनकी कुल लंबाई 290 मीटर होगी।

कहाँ-कहाँ बनेंगे ये पुल?
स्वीकृत राशि से बगीचा विकासखंड के निम्नलिखित पांच मार्गों के नालों पर पुलों का निर्माण किया जाएगा:

  • डंगरी से दरावाकोना मार्ग: 60 मीटर लंबा पुल (लागत: 3 करोड़ 56 लाख 23 हजार रुपये)
  • जबला से नवापारा मार्ग: 30 मीटर लंबा पुल (लागत: 1 करोड़ 83 लाख 21 हजार रुपये)
  • कमरीमा मंझाटोली से खपरीडीह मार्ग: 60 मीटर लंबा पुल (लागत: 4 करोड़ 4 लाख 19 हजार रुपये)
  • बगीचा-कांसाबेल मार्ग से जनकपुर पहुंच मार्ग: 80 मीटर लंबा पुल (लागत: 3 करोड़ 52 लाख 67 हजार रुपये)
  • कुहापानी से बांसधार मार्ग: 60 मीटर लंबा पुल (लागत: 3 करोड़ 7 लाख 4 हजार रुपये)

बारहमासी संपर्क से ग्रामीणों को मिलेगी बड़ी राहत
इन पुलों के बन जाने से दूरस्थ जनजातीय बसाहटों का सीधा संपर्क मुख्य मार्गों से जुड़ जाएगा। खासकर बारिश के दिनों में नालों के उफान पर आने से कटने वाले संपर्क की समस्या से ग्रामीणों को निजात मिलेगी। बारहमासी सड़क सुविधा मिलने से किसानों को अपनी फसल मंडी तक ले जाने, बच्चों को स्कूल-कॉलेज पहुंचने और मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में बड़ी सहूलियत होगी। इसके अलावा, क्षेत्र में स्थानीय व्यापार, आजीविका और सरकारी योजनाओं की पहुंच भी सुगम होगी।

अधिकारियों के अनुसार, सभी निर्माण कार्य निर्धारित बजट के भीतर पूरे किए जाएंगे और तकनीकी स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments