- कुरूद-1 (कुरूद कुटेला) और कुरूद-2 (कुरूद मंदिर हसौद) का ग्रामवार पंजीयन डेटा स्वैप; किसान संघर्ष समिति ने विभागीय लापरवाही बताई, NIC से तत्काल सुधार की मांग
आरंग। धान खरीदी के व्यस्त सीजन में एग्रीस्टैक पोर्टल की तकनीकी खामी ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। पोर्टल में एक ही नाम वाले दो गांवों—कुरूद-1 (कुरूद कुटेला) और कुरूद-2 (कुरूद मंदिर हसौद)—का पंजीकृत डेटा आपस में अदला-बदली हो गया है। इसके कारण ऑनलाइन सोसायटी मॉड्यूल में ग्रामवार पंजीयन डेटा सही तरीके से प्रदर्शित नहीं हो रहा, जिससे प्रभावित किसानों को धान बेचने के लिए टोकन जारी नहीं हो पा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, पहले कुरूद-1 और कुरूद-2 दोनों आरंग तहसील के अंतर्गत आते थे। बाद में मंदिर हसौद को अलग तहसील बनाए जाने पर कुरूद-2 मंदिर हसौद तहसील में चला गया। वर्तमान में इन गांवों को कुरूद (कुटेला) और कुरूद (मंदिर हसौद) के नाम से जाना जाता है। ग्रामवार मैपिंग में हुई इस तकनीकी त्रुटि को सुधारने की जिम्मेदारी नेशनल इंफॉर्मेटिक्स सेंटर (NIC) की बताई जा रही है।
किसान संघर्ष समिति के संयोजक भूपेंद्र शर्मा ने इसे विभागीय लापरवाही करार दिया है। उन्होंने कहा कि धान खरीदी का महत्वपूर्ण समय चल रहा है और सरकारी व्यवस्था में डेटा गड़बड़ी से किसानों को अनावश्यक परेशानी हो रही है। संबंधित सहकारी समितियों के प्रबंधकों द्वारा भी विभाग का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया जा चुका है, लेकिन अब तक सुधार नहीं हो पाया है।
किसानों ने मांग की है कि कुरूद-1 और कुरूद-2 के ग्रामवार पंजीयन डेटा की तत्काल जांच कर मैपिंग की त्रुटि सुधारी जाए, ताकि किसानों को बिना बाधा के टोकन मिल सकें और धान विक्रय प्रभावित न हो। चेतावनी दी गई है कि समय रहते समाधान न होने पर धान खरीदी में गंभीर दिक्कतें आ सकती हैं।
संबंधित विभाग से अपेक्षा है कि एग्रीस्टैक पोर्टल की त्रुटि को प्राथमिकता पर ठीक कराया जाए और प्रभावित किसानों को त्वरित राहत देते हुए धान खरीदी प्रक्रिया सुचारू बनाई जाए।



