Homeछत्तीसगढकांकेर कृषि कॉलेज के प्रोफेसर गिरफ्तार, छात्रा को अश्लील वीडियो भेजने और...

कांकेर कृषि कॉलेज के प्रोफेसर गिरफ्तार, छात्रा को अश्लील वीडियो भेजने और प्रैक्टिकल में फेल करने की धमकी देने का आरोप

कांकेर: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से एक गुरु-शिष्य के रिश्ते को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। कांकेर कृषि कॉलेज में पदस्थ एक प्रोफेसर को छात्रा को अश्लील वीडियो भेजने और उसे धमकाने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

प्रैक्टिकल में कम नंबर देने की देता था धमकी
पुलिस को दी गई शिकायत में छात्रा ने बताया कि आरोपी प्रोफेसर पीयूष कांत नेताम (49) काफी समय से उस पर गलत नजर रख रहा था और अश्लील बातें करता था। प्रोफेसर होने के कारण छात्रा शुरुआत में उसकी हरकतों को नजरअंदाज करती रही। लेकिन आरोपी की हिम्मत इतनी बढ़ गई कि उसने 25 सितंबर को छात्रा के टेलीग्राम ऐप पर एक अश्लील वीडियो भेज दिया। जब छात्रा ने इसका विरोध किया, तो प्रोफेसर उसे प्रैक्टिकल परीक्षा में कम नंबर देने और करियर बर्बाद करने की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा।

तंग आकर छात्रा पहुंची कोतवाली थाना
प्रोफेसर की रोज-रोज की धमकियों और अश्लील हरकतों से परेशान होकर आखिरकार छात्रा ने हिम्मत जुटाई और कोतवाली थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की और आरोपी प्रोफेसर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से कोंडागांव जिले का रहने वाला है।

इन गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस ने आरोपी प्रोफेसर पीयूष कांत नेताम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट के तहत बेहद गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है, जिनमें शामिल हैं:

  • BNS की धारा 75(2) और 75(3): यौन उत्पीड़न से संबंधित मामले।
  • BNS की धारा 351(2): आपराधिक धमकी देने के लिए।
  • आईटी एक्ट की धारा 67(ए): इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से अश्लील सामग्री प्रसारित करने के आरोप में।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी प्रोफेसर को स्थानीय न्यायालय में पेश किया, जहां से अदालत ने उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments