तिल्दा-नेवरा। समीपस्थ ग्राम खमरिया में स्थित रामा मेटालिक लिमिटेड में काम के दौरान हुए हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद कंपनी प्रबंधन ने मृतक के परिवार को 29 लाख रुपए का मुआवजा देने, परिवार के एक सदस्य को योग्यता के अनुसार नौकरी उपलब्ध कराने और बच्चों की शिक्षा की उचित व्यवस्था करने पर सहमति जताई है। इसके साथ ही परिवार को पेंशन देने की बात भी कही गई है।
27 अक्टूबर की शाम ग्राम निनवा निवासी संतोष कुमार यादव कंपनी में काम कर रहे थे। इसी दौरान उनके ऊपर पाइप गिरने से सिर में गंभीर चोट लग गई। घायल अवस्था में उन्हें उपचार के लिए रायपुर के ओम हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां 28 अक्टूबर की सुबह उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
मृतक परिवार के पक्ष में जनप्रतिनिधियों ने रखी मांग
मजदूर की मौत की जानकारी मिलते ही जिला पंचायत सभापति एवं भाजपा नेत्री शैल महेंद्र साहू, निनवा सरपंच गोविंद सारंग, नकटी सरपंच गोविंद बघेल, जनपद सदस्य सोनू वर्मा और जनपद सदस्य दयाशंकर निषाद रामा मेटालिक लिमिटेड पहुंचे। जनप्रतिनिधियों ने कंपनी प्रबंधन के समक्ष मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग रखी।
परिवार के हितों को लेकर हुई चर्चा के बाद कंपनी प्रबंधन ने 29 लाख रुपए के मुआवजे, परिवार के एक सदस्य को योग्यता के अनुसार नौकरी, पेंशन तथा बच्चों की शिक्षा की व्यवस्था करने पर सहमति दी। प्रबंधन की ओर से वैन प्रेसिडेंट एच आर बलवंत सिंह ने मृतक के परिजनों व जन प्रतिनिधियों के सामने उनकी पत्नी संतोषी यादव के नाम 28 लाख रुपए का चेक के साथ कफन-दफन के लिए एक लाख नकद प्रदान किया गया।
दुख व्यक्त करते हुए कंपनी प्रबंधन एच आर बलवंत सिंह ने कहा कि आर्थिक सहायता के माध्यम से परिवार की मदद की जा सकती है, लेकिन मृतक को वापस नहीं लाया जा सकता।




