बिलासपुर। मिठास और खुशियों का प्रतीक मानी जाने वाली शक्कर इन दिनों लोगों के घरों के बजट में कड़वाहट घोल रही है। करीब तीन महीने पहले तक खुले बाजार में 38 से 40 रुपये किलो बिकने वाली शक्कर अब 65 से 70 रुपये किलो तक पहुंच गई है। अचानक बढ़े दामों ने आम उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ा दी है। शक्कर के साथ रोजमर्रा की जरूरत की अन्य वस्तुओं की कीमतों में भी लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।
महंगाई के चलते लोगों के घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। शक्कर की कीमतों में तेजी को नियंत्रित करने के लिए केंद्र सरकार ने विदेश से चीनी का आयात भी किया है। हालांकि, इसके बावजूद खुले बाजार में कीमतों में राहत नजर नहीं आ रही है।इधर, राशन कार्डधारियों के लिए राहत की बात है। बिलासपुर खाद्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक विभाग के पास शक्कर का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। राशन दुकानों में उपभोक्ताओं को पहले की तरह ही 20 रुपये किलो की दर से शक्कर उपलब्ध कराई जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खुले बाजार में कीमत बढ़ने का असर राशन दुकानों से मिलने वाली शक्कर की कीमत पर नहीं पड़ेगा।




