रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में इवनिंग वॉक के दौरान डिग्री कॉलेज के प्रोफेसर कपूर चंद गुप्ता के सनसनीखेज अपहरण मामले में पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। मामले में लंबे समय से फरार चल रहे तीन मुख्य आरोपियों को पुलिस ने अलग-अलग जिलों से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस तीनों आरोपियों को रायगढ़ लेकर पहुंची। शहर में कानून व्यवस्था का खौफ बनाने और अपराधियों के हौसले पस्त करने के लिए पुलिस ने तीनों आरोपियों का सड़क पर जुलूस (पैदल मार्च) निकाला। इस दौरान सड़क पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस फिलहाल आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई और पूछताछ में जुट गई है।



