धमतरी, 30 सितंबर 2026: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के अछोटा गांव में आज विशेष ग्राम सभा के दौरान उस वक्त भारी हंगामा हो गया, जब पंचायत के आय-व्यय के हिसाब-किताब को लेकर दो गुट आपस में भिड़ गए. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे और हाथापाई शुरू हो गई.
युवती ने मारा थप्पड़, गांव में बढ़ा तनाव
बैठक में मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बहस के दौरान पूर्व जनपद अध्यक्ष और वर्तमान जिला पंचायत सदस्य के पति के साथ मारपीट की गई. इसी बीच हंगामे के दौरान एक युवती द्वारा उन्हें थप्पड़ जड़ देने की बात भी सामने आई है. इस घटना के बाद से ही अछोटा गांव में भारी तनाव व्याप्त हो गया है और पूरा ग्रामीण समाज दो गुटों में तब्दील हो गया है
सड़क पर चक्काजाम और पुलिस से शिकायत
मारपीट की इस घटना से आक्रोशित होकर एक पक्ष ने धमतरी सिहावा मार्ग पर बैठकर चक्काजाम कर दिया और सरपंच व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. चक्काजाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. वहीं दूसरी ओर, दूसरे पक्ष के लोग जिला पंचायत सदस्य के साथ न्याय की मांग लेकर सीधे एसपी कार्यालय पहुंच गए हैं. फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है और मामले की जांच की जा रही है.



