रायपुर। छत्तीसगढ़ कैडर के 2014 बैच के आईएफएस (IFS) अधिकारी पंकज सिंह राजपूत और उनकी पत्नी अदिति सिंह के बीच चल रहा पारिवारिक विवाद अब पूरी तरह सार्वजनिक हो गया है। आईएफएस अधिकारी की पत्नी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर पति और उनके परिवार पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके जवाब में अफसर ने इन दावों को गलत बताते हुए कानूनी कार्रवाई की बात कही है।
पत्नी अदिति सिंह के आरोप
आईएफएस अधिकारी की पत्नी अदिति सिंह ने एक वीडियो संदेश जारी कर अपने पति पंकज सिंह राजपूत, सास, ससुर और ननद पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। अदिति का दावा है कि उनके पति उनके खिलाफ अमर्यादित और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करते हैं। इसके साथ ही उन्होंने अपने नाबालिग बेटे के भविष्य को लेकर भी चिंता जताई है और प्रशासनिक स्तर पर न्याय की गुहार लगाई है।
आईएफएस पंकज राजपूत की सफाई
दूसरी तरफ, आईएफएस अधिकारी पंकज सिंह राजपूत ने अपनी पत्नी द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यह उनका एक निजी पारिवारिक मामला है जो पिछले पांच वर्षों से अदालत (कोर्ट) में विचाराधीन है।
पंकज राजपूत ने मीडिया और सोशल मीडिया के जरिए इस मामले को तूल देने पर आपत्ति जताते हुए कहा कि जब मामला अदालत के सामने है, तो इस तरह से वीडियो जारी कर ‘मीडिया ट्रायल’ चलाना न सिर्फ अनैतिक है बल्कि असंवैधानिक भी है। उन्होंने खुद को एक जिम्मेदार पिता बताते हुए कहा कि वे अपने बच्चे और परिवार के प्रति सभी दायित्वों को पूरी गंभीरता से निभा रहे हैं।



