
आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयुक्त सचिव बादल भारद्वाज ने अपने पद एवं पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से दिया इस्तीफ़ा
रायपुर। आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयुक्त सचिव (छत्तीसगढ़) बादल भारद्वाज ने आज अपने पद एवं पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफ़ा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफ़ा कार्यकारी अध्यक्ष एवं प्रदेश महासचिव को सौंपते हुए इसे तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है।
बादल भारद्वाज ने अपने बयान में कहा कि उन्होंने यह निर्णय संगठन के भीतर चल रही परिस्थितियों एवं व्यक्तिगत कारणों को ध्यान में रखते हुए, गहन विचार-विमर्श के पश्चात लिया है। उन्होंने कहा कि कुछ समय से संगठनात्मक स्तर पर जिस प्रकार की स्थिति निर्मित हो रही थी, उसके चलते अपने दायित्वों का निर्वहन करना उनके लिए कठिन होता जा रहा था।
उन्होंने पार्टी में अपने कार्यकाल के दौरान मिले अनुभव, सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए सभी वरिष्ठ नेताओं, साथियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया, लेकिन साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि सिद्धांतों एवं आत्मसम्मान के साथ समझौता करना उनके लिए संभव नहीं है।
बादल भारद्वाज ने कहा कि वे भविष्य में भी समाजहित, जनसेवा एवं जनता के मुद्दों के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करते रहेंगे और अपने क्षेत्र के लोगों की आवाज़ को मजबूती से उठाते रहेंगे।
उन्होंने अपने सभी समर्थकों एवं शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए आगे भी उनके सहयोग और विश्वास की अपेक्षा की है।



