छत्तीसगढ़सरगुजा

CG NEWS: कार्यक्रम के दौरान बिजली का खंभा गिरा, स्कूली बच्चे की हुई मौत

अंबिकापुर। क्षेत्र के ग्राम खोखनिया गुरहिपारा में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। यहां एक 6 साल के स्कूली बच्चे की उस समय मौत हो गई, जब उसके ऊपर अचानक बिजली का खंभा गिर पड़ा। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है, वहीं परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

मंडप के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, ग्राम खोखनिया में किसी पारिवारिक आयोजन के लिए मंडप तैयार किया जा रहा था। इस दौरान बिजली के खंभे के सहारे एक खुटा खड़ा किया गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, खंभा पहले से ही अस्थिर स्थिति में था, लेकिन इसके बावजूद उसे सहारे के रूप में इस्तेमाल किया गया।इसी बीच अचानक संतुलन बिगड़ने से बिजली का खंभा गिर गया, जिसकी चपेट में आकर 6 वर्षीय मासूम तुषार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बच्चा खंभे के नीचे दब चुका था।

अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

घटना के तुरंत बाद परिजन और ग्रामीण बच्चे को नजदीकी निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रायपुर रेफर कर दिया।लेकिन इलाज के लिए रायपुर ले जाते समय रास्ते में ही मासूम तुषार ने दम तोड़ दिया। इस खबर के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम पसर गया।

ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप

मृतक बच्चे के परिजनों ने इस हादसे के लिए ठेकेदार की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि बिजली के खंभे को सही तरीके से स्थापित नहीं किया गया था, जिसके कारण वह कमजोर स्थिति में था और मामूली दबाव पड़ते ही गिर गया।परिजनों का कहना है कि अगर खंभा मजबूती से खड़ा किया गया होता, तो यह हादसा नहीं होता और एक मासूम की जान नहीं जाती।

क्षेत्र में आक्रोश, कार्रवाई की मांग

घटना के बाद पूरे इलाके में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।घटना राजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आती है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। घटना में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button