
बिलासपुर। जिले के सीपत थाना क्षेत्र में पुलिस ने मोबाइल टावर से केबल और तार चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड भेजा गया है। आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये की चोरी की गई संपत्ति और एक कार भी बरामद की गई है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, 19 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम खम्हरिया के सोंठी रोड बाजार के पास कुछ युवकों की गतिविधियां संदिग्ध हैं। बताया गया कि ये युवक दिन में कमरे में रहते हैं और रात के समय एक आर्टिका कार से बाहर निकलते हैं।सूचना मिलते ही सीपत थाना प्रभारी ने टीम गठित कर आरोपियों की घेराबंदी कर उन्हें पकड़ने के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए संदिग्धों को पकड़ लिया और हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पूछताछ में उगले कई राज
शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करते रहे, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों ने बताया कि वे पिछले चार-पांच महीनों से अलग-अलग क्षेत्रों में मोबाइल टावरों से कॉपर केबल और एल्युमिनियम तार चोरी कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है:
- शहबाज अली (25 वर्ष), निवासी खम्हरिया, थाना सीपत
- जगदीश कुमार पटेल (24 वर्ष), निवासी खम्हरिया, थाना सीपत
- मोईउद्दीन (27 वर्ष), निवासी खम्हरिया, थाना सीपत
इसके अलावा तीन अपचारी बालक भी इस गिरोह में शामिल पाए गए।
कई जिलों में फैला था नेटवर्क
आरोपियों ने खुलासा किया कि वे तखतपुर, काठाकोनी, चोरभट्ठी, गनियारी, जयरामनगर (मुंगेली), कुंडा (कबीरधाम), अकलतरा और कोरबा जैसे क्षेत्रों में घूम-घूमकर मोबाइल टावरों को निशाना बनाते थे।वे रात के समय सुनसान इलाकों में स्थित टावरों से केबल और तार काटकर चोरी करते थे और बाद में उन्हें बेच देते थे।
लाखों की संपत्ति बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया है, जिसमें शामिल हैं:
- छीला हुआ कॉपर केबल वायर (1 क्विंटल 2 किलोग्राम) – कीमत ₹1,22,400
- काले रंग का प्लास्टिक कोटेड कॉपर वायर (54 किलोग्राम) – कीमत ₹1,08,000
- 12 बंडल एल्युमिनियम तार – कीमत ₹60,000
कुल मिलाकर ₹2,90,400 की संपत्ति जब्त की गई है। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त एक सफेद रंग की आर्टिका कार भी बरामद की गई है।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि तीनों अपचारी बालकों को किशोर न्याय बोर्ड, बिलासपुर के समक्ष प्रस्तुत किया गया।



