छत्तीसगढ़धमतरी

धमतरी में दर्दनाक हिट एंड रन: ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल की मौत, सैनिक गंभीर घायल

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में देर रात हुए एक दर्दनाक हिट एंड रन हादसे ने पुलिस विभाग को झकझोर कर रख दिया। रात्रि गश्त पर निकले पुलिस जवानों को एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि बाइक सवार जवान करीब 200 मीटर तक घसीटते चले गए।

घटना शहर के सिहावा चौक के पास की बताई जा रही है। हादसे में प्रधान आरक्षक विजय बैरागी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सैनिक दिलीप पांडे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल जवान को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में रायपुर रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, दोनों पुलिस जवान देर रात नियमित गश्त पर निकले थे। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक वाहन रोकने के बजाय जवानों को काफी दूर तक घसीटता रहा, जिससे हादसा और भी दर्दनाक हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। हादसे के बाद पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर है। साथी जवानों और अधिकारियों ने दिवंगत प्रधान आरक्षक विजय बैरागी को श्रद्धांजलि दी।

वहीं, छत्तीसगढ़ पुलिस की कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पिकअप चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button