Homeछत्तीसगढशिक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो कर्मचारी निलंबित और दो पर जांच...

शिक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो कर्मचारी निलंबित और दो पर जांच के आदेश

सूरजपुर। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिलफिली में छात्र-छात्राओं द्वारा किए गए उग्र विरोध प्रदर्शन और तालाबंदी के मामले में शिक्षा विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। विभाग ने प्रशासनिक लापरवाही, कार्य के प्रति उदासीनता और अनुशासनहीनता के गंभीर आरोपों में सहायक ग्रेड-3 देवी प्रसाद और भृत्य पायल सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

औचक निरीक्षण में खुली पोल
विद्यालय में छात्रों के आक्रोश और तालाबंदी की सूचना मिलते ही नवनियुक्त जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने स्कूल का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान प्रशासनिक स्तर पर कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। निरीक्षण में यह पाया गया कि सहायक ग्रेड-3 देवी प्रसाद शासकीय कार्यों में लगातार लापरवाही बरत रहे थे, विशेषकर कर्मचारियों के वेतन से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य लंबे समय से लंबित थे।

नशे की हालत में ड्यूटी और अनुपस्थिति
स्थानीय स्तर पर मिली शिकायतों की जांच में यह भी पुष्टि हुई है कि देवी प्रसाद नियमित रूप से शाला से नदारद रहते थे और कई बार उनके नशे की हालत में स्कूल आने की शिकायतें भी सही पाई गईं। इसे सिविल सेवा आचरण नियमों का घोर उल्लंघन मानते हुए प्रशासन ने निलंबन की यह दंडात्मक कार्रवाई की है। वहीं, भृत्य पायल सिंह को भी अनुशासनहीनता और अपने कर्तव्यों के प्रति लापरवाही बरतने के आरोप में सस्पेंड किया गया है।

शिक्षा विभाग के आला अधिकारियों का कहना है कि शैक्षणिक संस्थानों में इस तरह की अनुशासनहीनता और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। छात्रों की पढ़ाई और स्कूल की व्यवस्था प्रभावित करने वाले किसी भी कर्मचारी पर आगे भी ऐसी ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments