कांकेर (छत्तीसगढ़): आम जनता के साथ-साथ अब जनप्रतिनिधि भी शातिर साइबर ठगों के निशाने पर आ गए हैं। ताजा मामला छत्तीसगढ़ के कांकेर विधानसभा क्षेत्र से सामने आया है, जहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक आशाराम नेताम साइबर हमले का शिकार हो गए हैं। हैकर्स ने उनका मोबाइल फोन हैक कर उनके आधिकारिक वॉट्सऐप नंबर से क्षेत्र के लोगों और परिचितों को मैसेज भेजकर पैसों की मांग शुरू कर दी है।
वीडियो जारी कर विधायक ने जनता को किया सतर्क
घटना की जानकारी मिलते ही विधायक आशाराम नेताम ने तत्काल एक वीडियो संदेश जारी कर घटना को सार्वजनिक किया और आम जनता व समर्थकों को सतर्क रहने को कहा। उन्होंने बताया कि उनका आधिकारिक वॉट्सऐप नंबर साइबर अपराधियों ने हैक कर लिया है, जिसके माध्यम से लोगों को भ्रामक मैसेज भेजकर रुपये मांगे जा रहे हैं। विधायक ने सभी से अपील की है कि उनके इस नंबर से आने वाले किसी भी तरह के वित्तीय लेन-देन संबंधी मैसेज पर विश्वास न करें और भूलकर भी पैसे ट्रांसफर न करें।
पुलिस और साइबर सेल की कार्रवाई शुरू
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक की ओर से पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है और जांच के लिए मामले को साइबर सेल को सौंप दिया है। साइबर सेल की टीम तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों का पता लगाने और हैक किए गए अकाउंट को सुरक्षित करने की कार्रवाई में जुट गई है।




