रायपुर, 11 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत धान खरीदी का महाअभियान आगामी 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर शुरू होने जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने प्रदेशभर में धान खरीदी की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह महाअभियान 15 नवंबर 2026 से शुरू होकर 15 जनवरी 2027 तक चलेगा।
इस वर्ष सरकार ने प्रदेश के 27 लाख 50 हजार से अधिक पंजीकृत किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदने का लक्ष्य रखा है। किसान प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल तक धान बेच सकेंगे।
360 नए केंद्रों के साथ कुल 3,100 उपार्जन केंद्र तैयार
किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने इस वर्ष 360 नए धान उपार्जन केंद्र शुरू किए हैं। पहले प्रदेश में 2,740 केंद्र थे, जिनकी संख्या बढ़कर अब 3,100 हो गई है। नए केंद्रों के खुलने से किसानों को अपने घर के नजदीक ही धान बेचने की सुविधा मिलेगी। इससे किसानों के समय और परिवहन खर्च की बचत होगी, साथ ही पुराने केंद्रों पर भीड़ का दबाव भी कम होगा।
घर बैठे ऑनलाइन टोकन की सुविधा
धान बेचने की प्रक्रिया को पारदर्शी और आसान बनाने के लिए ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप की व्यवस्था की गई है। किसान घर बैठे ऑनलाइन टोकन काटकर अपनी सुविधा के अनुसार धान बेचने का दिन चुन सकेंगे। कुल टोकन में से 70 प्रतिशत टोकन मोबाइल ऐप के माध्यम से और 30 प्रतिशत संबंधित समितियों के जरिए जारी किए जाएंगे।




