- ग्रामीणों ने ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी तिल्दा को एवं क्षेत्रीय विधायक के चिकित्सा प्रतिनिधि डॉ. एल.पी. साहू को सौंपा आवेदन
तिल्दा नेवरा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरोरा में नियमित चिकित्सक की नियुक्ति की मांग को लेकर क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पहल की है। स्वास्थ्य केंद्र में नियमित चिकित्सक नहीं होने से ग्रामीणों, विशेषकर गर्भवती महिलाओं, प्रसव पीड़ित माताओं, बुजुर्गों एवं गंभीर मरीजों को होने वाली परेशानियों को देखते हुए ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी एवम् क्षेत्रीय विधायक के चिकित्सा प्रतिनिधि डॉ. एल.पी. साहू को आवेदन सौंपकर समस्या के निराकरण की मांग की गई।
इस दौरान डॉ. भोला राम साहू, नारायण पाल, मुकेश कुमार साहू एवं हिमांशु साहू मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

उपस्थित लोगों ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरोरा क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र है। यहां नियमित चिकित्सक की उपलब्धता नहीं होने से मरीजों को समय पर उपचार प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। विशेषकर गर्भवती महिलाओं एवं प्रसव संबंधी मामलों में समय पर चिकित्सकीय सुविधा मिलना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने मांग की कि स्वास्थ्य केंद्र में नियमित चिकित्सक की नियुक्ति की जाए तथा चिकित्सक की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीणों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें और उपचार के लिए दूरस्थ अस्पतालों पर निर्भर न रहना पड़े।
ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग एवं संबंधित अधिकारियों से इस गंभीर समस्या पर शीघ्र ध्यान देकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। नियमित चिकित्सक की उपलब्धता से सरोरा सहित आसपास के गांवों के लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।



