Homeछत्तीसगढयुवा संवाद का विरोध, युवा कांग्रेस ने जलाया विधायक अनुज शर्मा का...

युवा संवाद का विरोध, युवा कांग्रेस ने जलाया विधायक अनुज शर्मा का पुतला, भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी

भाजपा नेता विकास ठाकुर बोले – कांग्रेसियों की यह हरकत राजनीतिक हताशा का प्रमाण, पुतले जलाने से युवाओं के सवाल नहीं जलते।

खरोरा। धरसीवा विधायक एवं पद्मश्री श्री अनुज शर्मा द्वारा हाल ही में धरसीवा महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं के साथ आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र की राजनीति गरमा गई है। कार्यक्रम के विरोध में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा विधायक अनुज शर्मा का पुतला दहन किए जाने से भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी जा रही है। इस घटनाक्रम से क्षेत्र का राजनीतिक माहौल गरमा गया है। भाजपा कार्यकर्ताओं के आक्रोश और कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के बीच आने वाले दिनों में क्षेत्र की राजनीति में और अधिक हलचल देखने को मिल सकती है।

वहीं इस मामले पर भाजपा पंचायत प्रकोष्ठ के मीडिया प्रभारी विकास ठाकुर ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि विधायक अनुज शर्मा जी ने युवाओं के बीच पहुंचकर उनके विचारों, समस्याओं और भविष्य की आकांक्षाओं को जानने का प्रयास किया। यह एक सकारात्मक पहल है, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि युवा कांग्रेस के नेताओं ने इस रचनात्मक प्रयास को भी राजनीतिक चश्मे से देखते हुए विरोध और पुतला दहन का माध्यम बना लिया।

उन्होंने कहा कि किसी जनप्रतिनिधि का युवाओं के बीच जाकर उनकी बात सुनना और उनसे संवाद करना ये राजनीति नहीं बल्कि एक अच्छे जनप्रतिनिधि की पहचान और जिम्मेदारी है। इसके लिए किसी जनप्रतिनिधि को कांग्रेस के तथाकथित किसी युवा नेता से अनुमति लेने की आवश्यकता नहीं है।

विकास ठाकुर ने कहा कि आज युवाओं के लिए शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और भविष्य की चुनौतियां सबसे महत्वपूर्ण विषय हैं। आवश्यकता इन मुद्दों पर सार्थक चर्चा और सकारात्मक पहल करने की है, न कि विरोध प्रदर्शन के जरिए राजनीतिक माहौल बनाने की।

उन्होंने आगे कहा कि विधायक अनुज शर्मा का युवा संवाद कार्यक्रम युवाओं से जुड़ने और उनकी आवाज समझने का प्रयास है। ऐसे आयोजनों का स्वागत होना चाहिए। कांग्रेस के युवा नेताओं को समझना चाहिए कि पुतले जलाने से युवाओं के सवाल नहीं जलते और विरोध प्रदर्शन करने से विकास की राह नहीं रुकती। युवा संवाद, अवसर और विकास की अपेक्षा रखते हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments