नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली के मयूर विहार फेज-1 स्थित लवली पब्लिक स्कूल(लवली हेरिटेज स्कूल) से एक बेहद दर्दनाक और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली एक 9 वर्षीय मासूम छात्रा की क्लासरूम में अचानक बेहोश होकर गिरने से मौत हो गई। डॉक्टरों के मुताबिक, बच्ची की मौत की शुरुआती वजह कार्डियक अरेस्ट (हार्ट अटैक) बताई जा रही है। इस घटना के बाद से स्कूल परिसर और बच्चों के परिवारों में मातम और दहशत का माहौल है।
गेम्स पीरियड के बाद अचानक गिरी बच्ची
जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार सुबह की है। तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली 9 साल की छात्रा प्रगति रोज़ की तरह स्कूल आई थी। सुबह स्पोर्ट्स/गेम्स पीरियड खत्म होने के बाद करीब 9:51 बजे जब सभी बच्चे वापस अपनी क्लास में लौटे, तो क्लासरूम के अंदर बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह फर्श पर गिर पड़ी।
CCTV में कैद हुआ दिल दहला देने वाला मंजर
घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि बच्ची क्लासरूम में सामान्य रूप से चलते हुए आ रही है। तभी अचानक वह धीरे-धीरे आगे की तरफ झुकती है और अचेत होकर सीधे जमीन पर गिर जाती है। बच्ची को गिरते देख वहां मौजूद शिक्षिका तुरंत दौड़कर उसके पास पहुंचती हैं और उसे उठाकर कुर्सी पर बिठाने की कोशिश करती हैं, लेकिन बच्ची पूरी तरह बेहोश हो चुकी थी।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें
क्लासरूम में हड़कंप मचने के बाद स्कूल प्रशासन आनन-फानन में बच्ची को लेकर पास के निर्माण विहार स्थित मलिक रेडिक्स हेल्थ केयर अस्पताल पहुंचा। हालत गंभीर होने के कारण उसे दूसरे अस्पताल के लिए रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्ची को ‘ब्रॉट डेड’ यानी मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों का अनुमान है कि बच्ची को दिल का दौरा पड़ा था, हालांकि मौत के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस और प्रशासन आगे की जांच कर रहे हैं।
उठे गंभीर सवाल
इस दर्दनाक हादसे के बाद मासूम बच्चों में हार्ट अटैक के बढ़ते मामलों को लेकर एक बार फिर देशभर में चिंता और गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वहीं, पीड़ित परिवार ने स्कूल प्रबंधन पर भी कई आरोप लगाए हैं और आपातकालीन स्थिति में सही समय पर सीपीआर (CPR) न दिए जाने पर सवाल उठाए हैं। इस घटना से स्कूल के अन्य छात्र और अभिभावक भी गहरे सदमे में हैं।



