तिल्दा नेवरा। प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए टोकन कटने की प्रक्रिया शुरू हो गई है, लेकिन कई किसानों की गिरदावरी अब तक लंबित है। इससे किसानों के सामने धान बिक्री को लेकर परेशानी खड़ी हो गई है।
किसानों को चिंता है कि समय पर गिरदावरी पूरी नहीं होने से उन्हें धान बेचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। इस संबंध में मुकेश साहू ने संबंधित अधिकारियों एवं प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए लंबित गिरदावरी का जल्द निराकरण करने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि धान खरीदी का समय नजदीक है। ऐसे में किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए गिरदावरी एवं सत्यापन का कार्य शीघ्र पूरा किया जाना चाहिए, ताकि कोई भी किसान अपनी उपज बेचने से वंचित न रहे।




