सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में तीन दिन से लापता बालक किशोर कुमार केवट का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। बालक का शव परसदा खुर्द गांव में उसके ही मोहल्ले के पास स्थित एक खेत से बरामद हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हत्या के बाद शव को खेत में दफनाने की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू कर दी। घटनास्थल को सुरक्षा घेरे में लेकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
हत्या की आशंका, कई संदिग्ध हिरासत में
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कुछ संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी की गिरफ्तारी या हत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर
घटनास्थल पर फॉरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया है। वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है।
गांव में दहशत, मौत की वजह जानने को उमड़ी भीड़
बालक का शव मिलने की खबर फैलते ही परसदा खुर्द गांव में बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है और हर कोई यह जानना चाहता है कि मासूम की मौत कैसे हुई।
सक्ती पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों और घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।



